स्विट्ज़रलैंड के दक्षिणी हिस्से में स्थित मशहूर स्की रिज़ॉर्ट क्रांस-मोंटाना में नए साल की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक बार में लगी भीषण आग में करीब 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 115 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार, घायलों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आग तड़के करीब 1:30 बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नाम के बार में लगी, जहां नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रशासन ने साफ किया है कि यह कोई हमला नहीं था और घटना के कारणों की जांच जारी है।
राहत और बचाव में बड़ी तैनाती
आग की सूचना मिलते ही व्यापक स्तर पर राहत अभियान चलाया गया। वालैस क्षेत्र में 13 हेलीकॉप्टर, 42 एंबुलेंस और करीब 150 आपातकालीन कर्मियों को मौके पर भेजा गया। क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, कई लोगों को गंभीर रूप से झुलसी हालत में बाहर निकाला गया।
वालैस के क्षेत्रीय गवर्नर मैथियास रेनार्ड ने बताया कि अधिकांश घायलों को गंभीर जलन की चोटें आई हैं। करीब 60 लोगों को सियोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल की आईसीयू क्षमता पूरी तरह भर चुकी है, जिसके चलते लोगों से अनावश्यक रूप से अस्पताल न आने की अपील की गई है।
अलग-अलग शहरों में भेजे गए घायल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई घायलों को स्विट्ज़रलैंड के अन्य शहरों में भी भेजा गया है। लॉज़ान और ज्यूरिख के यूनिवर्सिटी अस्पतालों में विशेष बर्न यूनिट में मरीजों का इलाज चल रहा है। कुछ गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को जिनेवा यूनिवर्सिटी अस्पताल भी भेजा गया है।
#CransMontanaFire: Tragedy strikes at Swiss ski resort! Fire at Le Constellation bar kills 40, injures 115+ during New Year's bash. Police rule out terrorism, investigation underway. Emergency services rush to scene. #SwitzerlandBlast #Switzerland pic.twitter.com/BWLirDV868
— Lokmat Times Nagpur (@LokmatTimes_ngp) January 2, 2026
डॉक्टरों के अनुसार, कई पीड़ितों को सिर्फ बाहरी ही नहीं, बल्कि आंतरिक जलन भी हुई है, क्योंकि उन्होंने जहरीला धुआं सांस के जरिए अंदर लिया। कुछ मरीज बेहद कम उम्र के हैं, जिनकी उम्र 15 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
पहचान में लग सकता है समय
अधिकारियों ने माना है कि मृतकों और घायलों की पहचान में समय लग सकता है। क्षेत्रीय पुलिस कमांडर फ्रेडरिक गिस्लर ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता यह है कि मृतकों की पहचान कर उनके शव जल्द से जल्द उनके परिवारों को सौंपे जा सकें।
इटली और फ्रांस समेत कई देशों के नागरिक इस हादसे से प्रभावित हुए हैं। इटली के विदेश मंत्रालय ने बताया कि उसके 16 नागरिक लापता हैं, जबकि 12 से 15 लोग अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। फ्रांस ने भी अपने कुछ नागरिकों के लापता होने की पुष्टि की है।
जांच जारी, हमले की आशंका खारिज
स्विट्ज़रलैंड की अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिलू ने बताया कि आग लगने की परिस्थितियों की जांच के लिए औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह के हमले की बात पूरी तरह खारिज की जा चुकी है। आग के कारणों को लेकर कई संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
राष्ट्रीय शोक जैसा माहौल
स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन ने इसे देश के लिए सबसे भीषण त्रासदियों में से एक बताया है। स्थानीय लोग मृतकों और घायलों को श्रद्धांजलि देने के लिए चर्च में इकट्ठा हुए और हादसे वाली जगह पर फूल चढ़ाए गए।
क्रांस-मोंटाना एक लोकप्रिय और लग्ज़री स्की रिज़ॉर्ट माना जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। नए साल की खुशियां इस हादसे के बाद गहरे शोक में बदल गईं।


