दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में मंगलवार देर रात हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए, जब फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध देखते ही देखते हिंसक हो गया और भीड़ ने पुलिस व निगम की टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही थी। रात के समय भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एमसीडी की मशीनें मौके पर पहुंचीं, लेकिन कुछ ही देर में इलाके में भीड़ जुट गई। पुलिस के अनुसार, अधिकांश लोगों को समझाकर वहां से हटा दिया गया, मगर कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और पत्थरबाजी की।
VIDEO | Delhi: MCD carries out demolition drive against illegal encroachment near Faiz-e-Elahi mosque, Turkman Gate.#DelhiNews #TurkmanGate
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/wXSFi4lfA9
— Press Trust of India (@PTI_News) January 7, 2026
पथराव में पुलिसकर्मी घायल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पथराव में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने न्यूनतम और संयमित बल का इस्तेमाल किया। आंसू गैस के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई और कुछ समय में स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
सेंट्रल रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार अतिक्रमण हटाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने अशांति फैलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात संभाल लिए।
क्या-क्या तोड़ा गया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मस्जिद के पास स्थित बरात घर के एक हिस्से को तोड़ा गया। इसके अलावा आसपास मौजूद दो दुकानों और तीन डिस्पेंसरी पर भी कार्रवाई की गई। एमसीडी का कहना है कि मस्जिद से सटी जितनी जमीन है, उसे सुरक्षित रखा गया है और केवल अवैध अतिक्रमण हटाया गया है।
दिल्ली नगर निगम के डीसी विवेक अग्रवाल ने बताया कि यह मामला लंबे समय से हाईकोर्ट में लंबित था। कोर्ट के आदेश के बाद करीब 36,400 वर्ग फुट क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान 32 जेसीबी, पोकलेन मशीनें, न्यूमेटिक हैमर और ट्रकों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि निगम की किसी टीम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल) निधिन वलसन के मुताबिक, कार्रवाई से पहले ही पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम किए थे। जब मशीनरी मौके पर पहुंची, तब करीब 100 से 150 लोग जमा हो गए। कुछ लोग समझाने पर लौट गए, लेकिन कुछ ने पथराव किया। अब CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट व बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
स्थानीय लोगों की नाराज़गी
इलाके के कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह पर बरात घर बनाया गया, वहां पहले कब्रिस्तान था। उनका दावा है कि बाद में यहां निर्माण किया गया, जिस पर अब विवाद खड़ा हुआ है।
मामला अभी अदालत में
इस बीच, फैज-ए-इलाही मस्जिद और कब्रिस्तान से सटी जमीन पर अतिक्रमण हटाने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। अदालत ने एमसीडी, डीडीए, एलएंडडीओ, पीडब्ल्यूडी और दिल्ली वक्फ बोर्ड से चार हफ्ते में जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 22 अप्रैल को तय की गई है।
फिलहाल तुर्कमान गेट इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में तैनात है।


