13 साल का अफगानी लड़का विमान के लैंडिंग गियर में छिपकर पहुंचा दिल्ली

काबुल से आई फ्लाइट में छिपकर किया 94 मिनट का खतरनाक सफर, एयरपोर्ट स्टाफ भी रह गया दंग

Priyanka
Priyanka
3 Min Read
काबुल से दिल्ली फ्लाइट में लैंडिंग गियर में छिपकर आया 13 साल का अफगानी लड़का, 94 मिनट का खतरनाक सफर कर बच निकला।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अफगानिस्तान का 13 वर्षीय लड़का काबुल से दिल्ली आने वाली एक वाणिज्यिक उड़ान के लैंडिंग गियर कंपार्टमेंट में छिपकर भारत पहुंच गया। खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद लड़का सुरक्षित मिला, जिसने सुरक्षा अधिकारियों और एविएशन विशेषज्ञों को हैरान कर दिया।

मुख्य तथ्य

  • काबुल से दिल्ली आई KAM Air की फ्लाइट RQ-4401 में छिपकर आया 13 वर्षीय लड़का।
  • IGI एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान के पास घूमता दिखा और पकड़ा गया।
  • लड़का कुंदुज (अफगानिस्तान) का रहने वाला, CISF ने हिरासत में लिया।
  • 94 मिनट के सफर में सब-जीरो टेम्परेचर और ऑक्सीजन की कमी सहन कर लिया।
  • मेडिकल जांच के बाद लड़के को उसी विमान से वापस काबुल भेजा गया।

रविवार सुबह करीब 11 बजे IGI एयरपोर्ट पर KAM Air की फ्लाइट RQ-4401 लैंड हुई। यह एयरबस A340 सुबह 8:46 बजे (IST) काबुल के हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ी थी और 10:20 बजे दिल्ली पहुंची। लैंडिंग के कुछ देर बाद एयरलाइन स्टाफ ने एक किशोर को विमान के आसपास घूमते देखा और तुरंत CISF को सूचना दी।

जांच में पता चला कि 13 साल का यह लड़का अफगानिस्तान के कुंदुज प्रांत का रहने वाला है। उसने सुरक्षा को चकमा देकर काबुल एयरपोर्ट में घुसने के बाद विमान के पिछले हिस्से के लैंडिंग गियर कंपार्टमेंट में छिपकर सफर किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गलती से दिल्ली की फ्लाइट में चढ़ गया, उसका इरादा कहीं और जाने का था।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत मेडिकल चेकअप कराया और संक्षिप्त पूछताछ के बाद उसे उसी विमान से दोपहर 12:30 बजे काबुल वापस भेज दिया। विमान की जांच में एक लाल रंग का छोटा स्पीकर भी मिला, जो संभवतः उसी लड़के का था। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने पूरे विमान की एंटी-सैबोटाज जांच की और आगे की उड़ानों के लिए क्लियर किया।

खतरनाक सफर और चौंकाने वाली ‘सर्वाइवल स्टोरी’

यह सफर करीब 94 मिनट का था, जिसमें लड़का बेहद खतरनाक हालातों में लैंडिंग गियर कंपार्टमेंट में बैठा रहा। इस हिस्से में तापमान शून्य से नीचे चला जाता है, ऑक्सीजन की कमी होती है और किसी भी वक्त दबने का खतरा रहता है। इसके बावजूद लड़के की हालत स्थिर मिली।

एविएशन विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे हालातों में जिंदा रहना लगभग नामुमकिन है। इसलिए इस घटना ने सबको चौंका दिया है। The New Indian Express की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी परिस्थितियों में जीवित रहना “लगभग असंभव” माना जाता है।

Share This Article
Leave a Comment