AI समिट में हंगामा: भारत मंडपम में अर्धनग्न होकर घुसे युवा…

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में नारेबाजी, चार हिरासत में; प्रवेश प्रक्रिया पर भी सवाल

Virat
Virat
By
3 Min Read
AI समिट में युवा कांग्रेस का हंगामा

दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल के भीतर अर्धनग्न अवस्था में पहुंच गए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने अपनी ऊपरी कमीज उतार दी और प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट लहराते हुए “प्रधानमंत्री कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम स्थल के भीतर अचानक हुए इस प्रदर्शन से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

चार हिरासत में, FIR दर्ज

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के विरोध में वहां पहुंचे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की और बाद में पुलिस को बुलाया गया।

युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता

ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए मिला प्रवेश

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने दोपहर करीब 12:30 बजे ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। वे क्यूआर कोड स्कैन कर हॉल में दाखिल हुए।

महला के अनुसार, “उन्होंने ऊपर स्वेटर और जैकेट पहन रखी थी और अंदर टी-शर्ट। हॉल नंबर 5 के पास पहुंचकर उन्होंने स्वेटर और जैकेट उतार दिए और टी-शर्ट लहराते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हम उचित कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। अभी चार को हिरासत में लिया गया है और बाकी की पहचान की जा रही है।”

अब यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा जांच के बावजूद इस तरह का प्रदर्शन कार्यक्रम स्थल के भीतर कैसे संभव हुआ।

भाजपा ने की निंदा

घटना के बाद भाजपा ने इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे राहुल गांधी के इशारे पर किया गया विरोध बताया और तीखी टिप्पणी की।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि कांग्रेस के लिए AI का मतलब “भारत-विरोधी” है। उन्होंने इसे “राष्ट्र-विरोधी कांग्रेस” करार देते हुए कहा कि AI शिखर सम्मेलन की दुनिया भर में सराहना हो रही है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में AI और टेक्नोलॉजी के भविष्य पर चर्चा चल रही है। अब मामला कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तक पहुंच गया है।

Share This Article
Leave a Comment