बॉलीवुड की चर्चित फिल्मों में शामिल ‘बॉर्डर 2’ अभी रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया बहस के केंद्र में आ गई है। इस बार चर्चा की वजह फिल्म की कास्टिंग और खास तौर पर वरुण धवन हैं, जिन्हें लेकर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए और मजाक उड़ाया।
इस ट्रोलिंग पर अब फिल्म की निर्माता निधि दत्ता ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है और आलोचना करने वालों पर तीखा हमला बोला है।
गाने की एक झलक से शुरू हुआ विवाद
मामला तब शुरू हुआ जब फिल्म के बहुप्रतीक्षित गाने ‘घर कब आओगे’ की एक छोटी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई। क्लिप में वरुण धवन के एक्सप्रेशन को लेकर कुछ यूजर्स ने मीम्स बनाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते यह मजाक ट्रोलिंग में बदल गया और वरुण की एक्टिंग व कास्टिंग पर सवाल उठने लगे।
‘यह सिर्फ मजाक नहीं, साजिश है’
ट्रोलिंग बढ़ती देख निर्माता निधि दत्ता सामने आईं। उन्होंने इसे हल्का-फुल्का मजाक मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह एक सोची-समझी कोशिश है, जिसके जरिए अभिनेता और फिल्म दोनों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
Congratulations to all the ANTI NATIONALS
THAT CAN PAY TO BRING DOWN AN ACTOR PLAYING A PVC OF THIS COUNTRY.
This is YOUR FILM INDIA! Hope the audiences find and shame these people https://t.co/PSSfjDZARZ
— Nidhi Dutta (@RealNidhiDutta) January 8, 2026
एक्स पर एक यूजर के ‘पेड स्मियर कैंपेन’ वाले दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए निधि ने साफ शब्दों में कहा कि कुछ लोग जानबूझकर पैसे खर्च कर वरुण धवन को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
‘जांबाज किरदार का अपमान बर्दाश्त नहीं’
निधि दत्ता ने अपने बयान में यह भी कहा कि वरुण धवन फिल्म में ऐसे सैनिक का किरदार निभा रहे हैं, जिसे देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान मिला है। उनके मुताबिक, इस तरह के किरदार का मजाक उड़ाना सिर्फ एक अभिनेता का नहीं, बल्कि उस भावना का अपमान है, जिस पर फिल्म आधारित है।
उन्होंने उन लोगों की मानसिकता पर सवाल उठाए, जो जवानों के गौरव से जुड़ी फिल्म के खिलाफ नकारात्मक माहौल बना रहे हैं।
दर्शकों से अपील
निर्माता ने दर्शकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे ऐसे अभियानों से प्रभावित न हों और बिना पूरी फिल्म देखे किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
गौरतलब है कि ‘बॉर्डर 2’ में वरुण धवन के साथ सनी देओल, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।


