डेल्सी रोड्रिगेज कौन हैं, जिन्हें मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति बनाया गया?

निकोलेस मादुरो के अमेरिकी हिरासत में जाने के बाद वेनेजुएला की शीर्ष अदालत ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति की जिम्मेदारी सौंपी है। लेकिन यह नियुक्ति देश में नए सियासी टकराव की शुरुआत भी मानी जा रही है।

Virat
4 Min Read
Delcy Rodriguez

वेनेजुएला में सत्ता को लेकर एक बार फिर असाधारण हालात बन गए हैं। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी हिरासत में गिरफ्तारी के बाद देश की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश दिया है।

डेल्सी रोड्रिगेज 2018 से मादुरो सरकार में उपराष्ट्रपति रही हैं और संवैधानिक रूप से वही अगली उत्तराधिकारी थीं। हालांकि, उनकी ताजपोशी ऐसे वक्त में हुई है जब विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो की मौजूदगी और अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते सत्ता संघर्ष की आशंका गहराती जा रही है।

डेल्सी रोड्रिगेज का सियासी सफर

डेल्सी रोड्रिगेज लंबे समय से वेनेजुएला की सत्ता संरचना का अहम चेहरा रही हैं। उपराष्ट्रपति के तौर पर उन्होंने देश की तेल-आधारित अर्थव्यवस्था के बड़े हिस्से को संभाला और खुफिया तंत्र की निगरानी भी की। वह पेशे से वकील हैं और उनकी पढ़ाई ब्रिटेन और फ्रांस में हुई है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वे अक्सर ‘चावेज क्रांति’ की प्रतिनिधि के रूप में सामने आती रही हैं।

सरकार के भीतर उन्हें अपेक्षाकृत पढ़ी-लिखी और व्यावहारिक छवि वाला नेता माना जाता है, जो सैन्य पृष्ठभूमि वाले कठोर चेहरों से अलग दिखती हैं।

परिवार और राजनीतिक पृष्ठभूमि

डेल्सी रोड्रिगेज का संबंध एक चर्चित वामपंथी परिवार से है। उनके भाई जॉर्ज रोड्रिगेज मादुरो समर्थित नेशनल असेंबली का नेतृत्व करते हैं। उनके पिता जॉर्ज एंतोनियो रोड्रिगेज एक समाजवादी नेता थे, जिनकी 1970 के दशक में पुलिस हिरासत में मौत हुई थी। इस घटना का असर वेनेजुएला की मौजूदा पीढ़ी के कई नेताओं पर पड़ा, जिनमें मादुरो भी शामिल हैं।

अमेरिका के साथ जटिल रिश्ते

मादुरो के कई करीबी सहयोगियों के विपरीत, डेल्सी और उनके भाई पर अमेरिका में कोई आपराधिक आरोप नहीं हैं। वह अंग्रेज़ी में धाराप्रवाह बोलती हैं और तेल उद्योग से जुड़े कुछ रिपब्लिकन नेताओं तथा अमेरिकी शासन परिवर्तन का विरोध करने वाले समूहों से उनके संपर्क रहे हैं।

उनके पुराने संपर्कों में ब्लैकवॉटर के संस्थापक एरिक प्रिंस और पूर्व अमेरिकी दूत रिचर्ड ग्रेनेल का नाम भी सामने आया है, जो मादुरो सरकार के साथ किसी समझौते की कोशिशों में शामिल बताए जाते हैं।

शपथ और विवाद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि डेल्सी रोड्रिगेज को संविधान के तहत राष्ट्रपति पद की शपथ दिला दी गई है। हालांकि, वेनेजुएला के सरकारी टीवी पर किसी औपचारिक शपथ समारोह का प्रसारण नहीं हुआ। एक टीवी संबोधन के दौरान स्क्रीन पर उन्हें अब भी ‘उपराष्ट्रपति’ बताया गया।

अपने बयान में डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिकी कार्रवाई को अवैध बताते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। उन्होंने मादुरो और उनकी पत्नी के लिए “प्रूफ ऑफ लाइफ” की मांग भी की है।

आगे की चुनौती

फिलहाल डेल्सी रोड्रिगेज और विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो—दोनों के ठिकाने सार्वजनिक नहीं हैं। कुछ रिपोर्ट्स में डेल्सी के रूस में होने का दावा किया गया, जिसे मॉस्को ने खारिज कर दिया। ऐसे में वेनेजुएला की सत्ता किस दिशा में जाएगी, यह आने वाले दिनों में और साफ होगा।

Share This Article
Leave a Comment