एपस्टीन फाइल्स में नए दावे: बिल गेट्स को लेकर निजी ईमेल का हवाला

Virat
Virat
By
4 Min Read
एपस्टीन फाइल्स: बिल गेट्स को लेकर नए दावे

अमेरिका में यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। न्याय विभाग ने हाल में उससे संबंधित लाखों नए दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं। इन फाइलों में कुछ ऐसे ईमेल का ज़िक्र है, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स को लेकर गंभीर और चौंकाने वाले दावे किए गए हैं।

इन दस्तावेजों के मुताबिक, 2013 के कुछ ईमेल में एपस्टीन ने दावा किया था कि बिल गेट्स के रूसी महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध रहे थे और बाद में उन्हें यौन बीमारी हो गई थी। ये दावे एपस्टीन के अपने ईमेल में लिखी गई बातों पर आधारित हैं, न कि किसी आधिकारिक जांच के निष्कर्ष पर।

एंटीबायोटिक दवाओं का ज़िक्र

दस्तावेजों में शामिल एक ईमेल के अनुसार, एपस्टीन ने 18 जुलाई 2013 को खुद को भेजे गए संदेश में लिखा था कि गेट्स ने उससे एंटीबायोटिक दवाएं मांगी थीं। ईमेल में यह भी दावा किया गया कि गेट्स ये दवाएं चुपचाप अपनी पत्नी मेलिंडा गेट्स को देना चाहते थे।
इसी ईमेल में एपस्टीन ने यह भी लिखा कि गेट्स ने उनसे दोस्ती तोड़ ली थी और उनसे पुराने ईमेल हटाने का अनुरोध किया था, जिससे वह नाराज़ था।

फाइलों में किन-किन के नाम

न्याय विभाग के अनुसार, नए दस्तावेजों में करीब 30 लाख पन्ने, 1.80 लाख तस्वीरें और 2,000 से ज्यादा वीडियो शामिल हैं। इनमें कई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हस्तियों के नाम सामने आए हैं।
इनमें डोनाल्ड ट्रंप और उनकी बेटी इवांका ट्रंप, एलन मस्क, इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री एहूद बराक, अमेरिका के पूर्व वित्त मंत्री लैरी समर्स, ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू, पॉप स्टार माइकल जैक्सन, संगीतकार मिक जैगर, अभिनेता केविन स्पेसी, अभिनेत्री डायना रॉस और अभिनेता क्रिस टकर जैसे नाम शामिल हैं।

प्रिंस एंड्रयू से जुड़ा ईमेल

दस्तावेजों में शामिल ईमेल से यह भी सामने आया है कि ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू ने एपस्टीन को बकिंघम पैलेस में डिनर के लिए आमंत्रित किया था।
रिकॉर्ड के मुताबिक, 27 सितंबर 2010 को एपस्टीन ने लंदन से एंड्रयू को लिखा था कि उन्हें “कुछ निजी समय” चाहिए होगा। इसके जवाब में एंड्रयू ने लिखा कि वे स्कॉटलैंड से लौट रहे हैं और बकिंघम पैलेस में डिनर किया जा सकता है, जहां पूरी निजता रहेगी।

क्या हैं एपस्टीन फाइल्स

एपस्टीन फाइल्स उन दस्तावेजों को कहा जाता है, जो वित्तीय विशेषज्ञ रहे जेफ्री एपस्टीन से जुड़े हैं। 2008 में उन्हें फ्लोरिडा में नाबालिग लड़कियों के यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी ठहराया गया था।
2019 में यौन तस्करी के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद न्यूयॉर्क की जेल में उनकी मौत हो गई थी।
इन फाइलों में कोर्ट रिकॉर्ड, ईमेल, यात्रा विवरण, संपर्क सूची और कई प्रभावशाली लोगों से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।

न्याय विभाग की ओर से यह साफ किया गया है कि दस्तावेजों में दर्ज हर दावा किसी अपराध का प्रमाण नहीं है। कई बातें एपस्टीन के निजी ईमेल और नोट्स पर आधारित हैं, जिनकी स्वतंत्र जांच या पुष्टि होना बाकी है।

Share This Article
Leave a Comment