जर्मनी में ‘ओशन्स इलेवन’ स्टाइल डकैती: बैंक में ड्रिल से छेद कर 300 करोड़ रुपये की चोरी, क्रिसमस की छुट्टियों का उठाया फायदा

स्पार्कसे बैंक की 3,000 से ज्यादा तिजोरियां तोड़ी गईं, नकदी, सोना और गहने गायब; अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं

Virat
Virat
By
3 Min Read
जर्मनी में 300 करोड़ की बैंक चोरी, क्रिसमस का उठाया फायदा

जर्मनी के गेलसेनकिर्चेन शहर में क्रिसमस की लंबी छुट्टियों का फायदा उठाकर अपराधियों ने एक ऐसी चोरी को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस और बैंकिंग सिस्टम—दोनों को चौंका दिया है। यहां स्पार्कसे (Sparkasse) बचत बैंक में ड्रिल मशीन से छेद कर 3,000 से ज्यादा सेफ डिपॉजिट बॉक्स तोड़ दिए गए। इन तिजोरियों में रखी नकदी, सोना और आभूषण पूरी तरह साफ कर दिए गए।

पुलिस के मुताबिक, इस डकैती में बैंक को करीब 3 करोड़ यूरो, यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 317 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हैरानी की बात यह है कि अब तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

हॉलीवुड फिल्म जैसी प्लानिंग

BBC की रिपोर्ट के अनुसार, यह चोरी किसी हॉलीवुड फिल्म—खासतौर पर ओशन्स इलेवन’—की तरह बेहद पेशेवर तरीके से की गई। अपराधियों ने बैंक की इमारत में ड्रिल मशीन से रास्ता बनाया और सीधे तिजोरियों तक पहुंच गए।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को बैंक में आग का अलार्म बजने के बाद इस चोरी का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि चोर पास के पार्किंग गैराज के रास्ते फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग गैराज की सीढ़ियों पर कई पुरुषों को बड़े-बड़े बैग उठाकर ले जाते देखा गया था। आशंका है कि इन्हीं बैगों में चोरी किया गया सामान भरा हुआ था।

क्रिसमस की छुट्टियां बनीं सबसे बड़ा मौका

पुलिस का कहना है कि चोरों ने जानबूझकर क्रिसमस के शांत दिनों को चुना। बैंक जिस इमारत में स्थित है, वह ब्यूर जिले के निएनहोफस्ट्रासे इलाके में है। गुरुवार और शुक्रवार को क्रिसमस की वजह से जर्मनी में कारोबार बंद था।

शक जताया जा रहा है कि गिरोह ने छुट्टियों और सप्ताहांत के दौरान बैंक के अंदर ही समय बिताया और बिना किसी जल्दबाजी के तिजोरियां तोड़कर सामान निकालता रहा।

नुकसान का अंदाजा कैसे लगाया गया

पुलिस के अनुसार, बैंक की 3,000 से ज्यादा तिजोरियों का औसत बीमा मूल्य करीब 10,000 यूरो (लगभग 10.5 लाख रुपये) था। इसी आधार पर कुल नुकसान का अनुमान करीब 30 मिलियन यूरो लगाया गया है।

जांच जारी, लेकिन सवाल बरकरार

इतनी बड़ी और योजनाबद्ध चोरी के बाद भी आरोपियों का कोई सुराग न लगना जर्मनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है, लेकिन फिलहाल यह मामला एक ऐसी डकैती बन गया है, जिसमें अपराधी बिना कोई निशान छोड़े करोड़ों की संपत्ति लेकर गायब हो गए।

Share This Article
Leave a Comment