अभिनेता और राजनेता विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायकन’ की रिलीज फिलहाल टल गई है। बुधवार को मद्रास हाईकोर्ट में सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। इसके कुछ ही घंटों बाद फिल्म के निर्माताओं ने 9 जनवरी को प्रस्तावित रिलीज को पोस्टपोन करने की घोषणा कर दी।
यह मामला उस वक्त सामने आया, जब सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को अब तक प्रमाणपत्र जारी नहीं किया। फिल्म के निर्माता KVN प्रोडक्शंस एलएलपी ने इसे चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
कोर्ट में क्या हुआ
जस्टिस पी. टी. आशा ने दोनों पक्षों की दलीलें विस्तार से सुनने के बाद संकेत दिया कि फैसला 9 जनवरी को सुनाया जा सकता है। यही वह दिन था, जब फिल्म को दुनिया भर में करीब 5,000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया जाना था।
CBFC की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ए. आर. एल. सुंदरासन ने अदालत को बताया कि फिल्म की सर्टिफिकेशन प्रक्रिया दोबारा इसलिए खोली गई, क्योंकि एग्ज़ामिनिंग कमेटी के एक सदस्य ने शिकायत की थी। उनका कहना था कि उनकी आपत्तियों को ठीक से दर्ज किए बिना ही सिफारिश कर दी गई।
CBFC के अनुसार, 19 दिसंबर को पांच सदस्यीय एग्ज़ामिनिंग कमेटी ने फिल्म देखकर कुछ कट्स के साथ U/A 16+ सर्टिफिकेट देने की सिफारिश की थी। बाद में एक सदस्य की आपत्ति के आधार पर चेयरमैन ने मामले को बड़ी रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजने का फैसला किया, जो 2024 के सर्टिफिकेशन नियमों के तहत संभव है।
CBFC ने अदालत में यह भी कहा कि कोर्ट किसी वैधानिक संस्था को उसके कानूनी काम से रोकने का आदेश नहीं दे सकता, हां समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दे सकता है।
निर्माताओं की दलील
KVN प्रोडक्शंस की ओर से वरिष्ठ वकील सतीश पराशरन ने तर्क दिया कि एक सदस्य की असहमति बहुमत की सिफारिश पर भारी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि कमेटी के चार सदस्यों ने जिन 27 कट्स और बदलावों की बात कही थी, उन्हें निर्माता पहले ही पूरा कर चुके हैं।
पराशरन ने यह सवाल भी उठाया कि न तो शिकायत करने वाले सदस्य की पहचान बताई गई और न ही उनकी आपत्तियों का ब्योरा साझा किया गया। उन्होंने अदालत से कहा कि CBFC को कानून की सीमाओं में रहकर अपना सार्वजनिक दायित्व निभाना चाहिए।
निर्माताओं ने यह भी बताया कि फिल्म में करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश है, सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन 18 दिसंबर को किया गया था और जल्दी मंजूरी के लिए टाटकल प्रक्रिया भी अपनाई गई थी।
शाम को आया पोस्टपोनमेंट का ऐलान
सुनवाई के बाद देर शाम KVN प्रोडक्शंस ने बयान जारी कर कहा कि ‘जना नायकन’ की रिलीज अब तय तारीख पर नहीं हो पाएगी। बयान में कहा गया कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था और नई रिलीज डेट जल्द घोषित की जाएगी।


