केरल: कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटथिल गिरफ्तार, यौन उत्पीड़न का तीसरा मामला दर्ज

आधी रात होटल से गिरफ्तारी, महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

Virat
Virat
By
4 Min Read
rahul mamkootathil

केरल के पलक्कड़ से विधायक रहे राहुल ममकूटथिल की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। यौन उत्पीड़न के एक और मामले में क्राइम ब्रांच ने उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया। यह उनके खिलाफ दर्ज तीसरी शिकायत है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद राहुल को थिरुवल्ला मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पथानामथिट्टा जिले के एक निवासी महिला की शिकायत के आधार पर की गई है। राहुल उस समय पलक्कड़ के KPM रिजेंसी होटल में ठहरे हुए थे। आधी रात पुलिस ने होटल में दबिश दी और उन्हें हिरासत में लिया।

महिला की शिकायत में गंभीर आरोप

शिकायतकर्ता महिला फिलहाल कनाडा में रहती है। उसने अपनी शिकायत में राहुल पर बेरहमी से यौन उत्पीड़न, जबरन गर्भपात और आर्थिक शोषण जैसे आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसकी राहुल से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी।

एनडीटीवी के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, महिला ने बताया कि राहुल ने उसे पलक्कड़ के होटल में मिलने बुलाया। आरोप है कि कमरे में पहुंचते ही बातचीत से पहले ही उसके साथ जबरदस्ती की गई। महिला ने यह भी कहा कि राहुल ने शादी का वादा किया था और बच्चा पैदा करने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, वह गर्भवती हो गई थी और भ्रूण के डीएनए टेस्ट की तैयारी कर रही थी।

पहले से दर्ज हैं दो मामले

राहुल ममकूटथिल के खिलाफ इससे पहले भी यौन शोषण से जुड़े दो मामले दर्ज हो चुके हैं। एक मामले में महिला के साथ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात के आरोप लगे थे, जिसमें केरल हाईकोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी।
दूसरा मामला भी यौन शोषण और बलात्कार से जुड़ा था, जिसमें तिरुवनंतपुरम की सत्र अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दी थी। अब तीसरे मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई है।

आरोप सामने आने के बाद कांग्रेस ने की थी कार्रवाई

इन मामलों के सामने आने के बाद कांग्रेस ने 4 दिसंबर 2025 को राहुल ममकूटथिल की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी थी। उस समय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा था कि पार्टी हाईकमान से सलाह लेकर यह फैसला किया गया है और बेहतर होगा कि राहुल विधायक पद से भी इस्तीफा दें। पार्टी ने सार्वजनिक तौर पर यह भी कहा था कि उसने कभी राहुल का बचाव नहीं किया।

राजनीतिक सफर और पुराने विवाद

राहुल ममकूटथिल केरल के पथानामथिट्टा जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर पलक्कड़ सीट से उपचुनाव जीता था और राज्य के युवा कांग्रेस नेताओं में उनकी गिनती होती थी।
वह 2023 में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी बने थे, लेकिन उसी दौरान मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज के साथ गलत व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा। इसके अलावा, मतदाता सूची में धांधली जैसे आरोपों को लेकर भी उनका नाम पहले विवादों में आ चुका है।

Share This Article
Leave a Comment