पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को एक ही दिन में तीन अलग-अलग जगह आतंकी हमले हुए। बम धमाकों और गोलीबारी की इन घटनाओं में अब तक 14 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
हमले बाजौर, बन्नू और शांगला जिलों में हुए। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं।
बाजौर: मदरसे के पास आत्मघाती हमला
सबसे बड़ा हमला बाजौर जिले में हुआ, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी मदरसे की दीवार से टकरा दी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा।
इस हमले में सुरक्षा बल और फ्रंटियर कोर के आठ जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके के असर से एक बच्चे की भी जान चली गई। करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता से आसपास की इमारतों की छतें तक गिर गईं।
पाकिस्तान में #KhyberPakhtunkhwa के बाजौर में हुए एक आतंकवादी हमले में 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। विस्फोट इतना भयंकर था कि पास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा, जिसकी वजह से एक मासूम बच्ची की जान चली गई और महिलाओं एवं बच्चों समेत 7 लोग घायल हो गए। हमलावरों ने विस्फोटकों से… pic.twitter.com/2RnKrGYzXj
— inextlive (@inextlive) February 17, 2026
बन्नू: रिक्शा में रखा बम फटा
दूसरी घटना बन्नू कस्बे में मिरयान पुलिस स्टेशन के पास हुई। यहां एक रिक्शा में बम रखा गया था, जो अचानक फट गया।
इस धमाके में दो नागरिकों की मौत हुई और 17 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शांगला: तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़
तीसरा हमला शांगला जिले में हुआ, जहां तलाशी अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों और आतंकियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी और तीन आतंकी मारे गए। पुलिस के अनुसार, मारे गए लड़ाके पहले चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में शामिल रहे थे।
दो मोर्चों पर चुनौती
पाकिस्तान इस समय आतंकी गतिविधियों के दो बड़े स्रोतों से जूझ रहा है।
- खैबर पख्तूनख्वा में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) सक्रिय है।
- बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) हमले कर रही है और ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के तहत बड़े हमलों का दावा कर चुकी है।
हाल ही में इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में इस्लामिक स्टेट द्वारा किए गए आत्मघाती हमले में 31 लोगों की मौत और 169 लोग घायल हुए थे।
खैबर पख्तूनख्वा में एक दिन में तीन हमलों ने सुरक्षा हालात को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और जांच एजेंसियां हमलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।


