कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को सोमवार शाम दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और उन्हें एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अस्पताल सूत्रों के हवाले से बताया कि सोनिया गांधी एक चेस्ट फिजिशियन की देखरेख में हैं और फिलहाल किसी तरह की चिंता की बात नहीं है। अस्पताल से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि यह एक रूटीन एडमिशन है। उन्हें पुरानी खांसी की समस्या रहती है और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण वह समय-समय पर जांच के लिए आती रहती हैं।
सोनिया गांधी दिसंबर 2025 में 79 वर्ष की हो चुकी हैं। इससे पहले भी उनकी सेहत को लेकर सावधानी बरती जाती रही है। जून 2025 में उन्हें पेट से जुड़ी समस्याओं के चलते इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा, हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद शिमला में भी उनका मेडिकल चेकअप कराया गया था।
फिलहाल पार्टी या परिवार की ओर से कोई अलग बयान सामने नहीं आया है। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार आगे का फैसला लिया जाएगा।


