वेनेजुएला को लेकर एक बड़ा और असाधारण घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस समेत चार शहरों में सैन्य हमले किए हैं। अमेरिकी विमानों और हेलीकॉप्टरों ने कई अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके कुछ ही देर बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है और दोनों को देश से बाहर ले जाया गया है।
ट्रंप का दावा: मादुरो पत्नी समेत पकड़े गए
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेता निकोलस मादुरो के खिलाफ “बड़े पैमाने पर सफल” सैन्य कार्रवाई की है। ट्रंप के मुताबिक, इस ऑपरेशन के दौरान मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिकी सैनिकों ने पकड़ लिया और उन्हें देश से बाहर भेज दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर की गई और इस पर जल्द ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
अमेरिका में आपराधिक मुकदमे की तैयारी का दावा
अमेरिका के रिपब्लिकन सीनेटर माइक ली ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने उन्हें बताया है कि मादुरो को अमेरिका में आपराधिक आरोपों का सामना करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।
ली के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य हमले गिरफ्तारी वारंट को लागू करने वाली टीमों की सुरक्षा के लिए किए गए थे और अब वेनेजुएला में आगे किसी बड़ी कार्रवाई की उम्मीद नहीं है।
आधी रात को हुए हमले
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने आधी रात के बाद वेनेजुएला पर हमला किया। काराकस के मुख्य हवाई अड्डे और सबसे बड़े सैन्य अड्डे फुएर्ते टियुना को निशाना बनाया गया। इसके अलावा राजधानी की पहाड़ियों में स्थित संचार केंद्र एल वोलकान और प्रमुख बंदरगाह ला ग्वाइरा पोर्ट पर भी हमले किए गए।
काराकस के अलावा मिरांडा, अरागुआ और ला गुएरा में भी सैन्य कार्रवाई हुई। इस दौरान अमेरिकी हेलीकॉप्टर और जहाज कम ऊंचाई पर उड़ते देखे गए। वेनेजुएला के रक्षा मंत्रालय को नुकसान पहुंचने की भी खबर है।
वेनेजुएला और पड़ोसी देशों की प्रतिक्रिया
वेनेजुएला के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनकी धरती पर किसी भी विदेशी सेना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने कहा कि सरकार के पास राष्ट्रपति मादुरो या उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस की लोकेशन को लेकर कोई जानकारी नहीं है।
पड़ोसी देश कोलंबिया ने हालात को देखते हुए अपनी सीमा पर यूनिफाइड कमांड को सक्रिय कर दिया है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को वेनेजुएला की यात्रा न करने की सलाह भी दी है।
अंतरराष्ट्रीय और अमेरिकी स्तर पर आलोचना
अमेरिकी हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना शुरू हो गई है। क्यूबा ने इन हमलों को कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया है। ईरान ने भी इसे वेनेजुएला की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का खुला उल्लंघन करार दिया है।
अमेरिका के भीतर भी इस कार्रवाई पर सवाल उठे हैं। कुछ सांसदों ने इसे गैरजरूरी बताया है और इसके समय व तरीके पर आपत्ति जताई है।
पहले से दी गई थी चेतावनी
इन हमलों से कुछ समय पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला में जमीनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। ट्रंप मादुरो पर ड्रग तस्करी के आरोप लगाते रहे हैं। अमेरिका का कहना है कि हाल के महीनों में उसने कई ऐसी नावों पर कार्रवाई की, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रग तस्करी के लिए हो रहा था।
वहीं, मादुरो इन आरोपों को लगातार खारिज करते रहे हैं और कहते रहे हैं कि अमेरिका वेनेजुएला में तख्तापलट कर देश के तेल संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है।


