कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रायहान वाड्रा की सगाई की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, रायहान वाड्रा जल्द ही दिल्ली की फोटोग्राफर अवीवा बैग से शादी करने जा रहे हैं। दोनों पिछले करीब सात साल से एक-दूसरे के साथ हैं और दोनों परिवारों के बीच भी नजदीकी बताई जा रही है।
हाल ही में अवीवा बैग ने रायहान के साथ एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की थी, जिसे उन्होंने बाद में अपने ‘हाइलाइट्स’ सेक्शन में तीन हार्ट इमोजी के साथ सहेज लिया। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई।
कौन हैं अवीवा बैग?
अवीवा बैग दिल्ली की रहने वाली हैं और पेशे से फोटोग्राफर हैं। उनके काम की पहचान रोजमर्रा की जिंदगी के सहज और वास्तविक पलों को कैमरे में उतारने से जुड़ी है। उन्होंने ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म और कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। इससे पहले उन्होंने दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में स्कूली शिक्षा पूरी की थी।
अवीवा ‘एटेलियर 11’ की को-फाउंडर हैं। यह एक फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी है, जो देशभर में एजेंसियों, ब्रांड्स और क्लाइंट्स के साथ काम करती है।
उनका काम कई प्रदर्शनियों में दिखाया जा चुका है। इनमें ‘यू कैननॉट मिस दिस’ (मेथड गैलरी, 2023), इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम के तहत ‘यू कैननॉट मिस दिस’ (2023), द इल्यूजरी वर्ल्ड (द क्वोरम क्लब, 2019) और इंडिया डिजाइन आईडी, के2 इंडिया (2018) शामिल हैं।
फोटोग्राफी के अलावा अवीवा ने मीडिया और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में भी अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया है। वह प्लसरीमन में फ्रीलांस प्रोड्यूसर रही हैं। इसके अलावा PROPAGANDA में जूनियर प्रोजेक्ट मैनेजर, आर्ट चेन इंडिया में मार्केटिंग इंटर्न और I-Parliament से जुड़ी ‘द जर्नल’ की एडिटर-इन-चीफ भी रह चुकी हैं। उन्होंने वर्व मैगजीन इंडिया और क्रिएटिव IMAGE मैगजीन में इंटर्नशिप भी की है।
कौन हैं रायहान वाड्रा?
रायहान वाड्रा एक विजुअल आर्टिस्ट हैं और बचपन से ही फोटोग्राफी में रुचि रखते हैं। बताया जाता है कि उन्होंने दस साल की उम्र से कैमरा संभालना शुरू कर दिया था। उनके फोटोग्राफी पोर्टफोलियो में वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी शामिल है।

उनकी पहली सोलो एग्जीबिशन नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में लगी थी। यह प्रदर्शनी उनके स्कूल के दिनों में हुए एक क्रिकेट हादसे से प्रेरित थी, जिसमें उनकी आंख में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफी की ओर ज्यादा ध्यान दिया, जहां रोशनी, परछाई और कॉन्ट्रास्ट के जरिए गहराई पैदा की जाती है।
रायहान को अपनी मां प्रियंका गांधी वाड्रा से लगातार प्रोत्साहन मिलता रहा है। उनकी फोटोग्राफी पर उनके नाना और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कैमरा प्रेम का भी असर माना जाता है।
सात साल के रिश्ते के बाद रायहान वाड्रा और अवीवा बैग की सगाई की खबर अब सामने आई है, जिसे दोनों परिवारों के करीबी लोग एक निजी और पारिवारिक खुशी के तौर पर देख रहे हैं।


