भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया की जीत को आसान बना दिया। गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में भारत ने आठ विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज़ में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। पिछले मैच में खाता न खोल पाने के बाद अभिषेक ने इस बार पूरी तरह वापसी की और न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों को संभलने का मौका नहीं दिया।
153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक ने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह भारतीय ओपनर द्वारा खेली गई सबसे तेज़ फिफ्टी रही। हालांकि, इस तूफानी पारी के बावजूद वह अपने मेंटर युवराज सिंह का 19 साल पुराना रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके।
युवराज सिंह अब भी भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज़ अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम रखते हैं। उन्होंने 2007 के पहले टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी, जिसमें स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के भी शामिल थे।
युवराज की मज़ाकिया प्रतिक्रिया
Still can’t get a 50 off 12 balls, can you? 🤪 Well played – keep going strong! 💪🏻 @OfficialAbhi04 #IndVSNz pic.twitter.com/6MQe1p6sx4
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) January 25, 2026
अभिषेक की पारी के बाद युवराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हल्के-फुल्के अंदाज़ में उन्हें छेड़ा।
युवराज ने लिखा,
“12 गेंद में 50 अब भी नहीं बना पाए? अच्छा खेला, ऐसे ही आगे बढ़ते रहो।”
इस पोस्ट में जहां मज़ाक था, वहीं अपने शिष्य की पारी की तारीफ भी साफ दिखी।
रिकॉर्ड्स की झड़ी
अभिषेक शर्मा ने इस पारी के दौरान कई और रिकॉर्ड भी बनाए। वह भारतीय ओपनर्स में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में केएल राहुल से आगे निकल गए हैं। इस मामले में उनसे आगे अब सिर्फ रोहित शर्मा हैं।
अभिषेक की नाबाद 68 रन की पारी सिर्फ 20 गेंदों में आई और खास बात यह रही कि इसमें एक भी डॉट बॉल नहीं थी। यह फुल मेंबर टीम की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में बिना डॉट बॉल खेली गई सबसे बड़ी पारी मानी जा रही है।
‘युवराज का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं’
मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने खुद माना कि युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि 12 गेंद में अर्धशतक बनाना लगभग नामुमकिन जैसा है, लेकिन क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस सीरीज़ में सभी बल्लेबाज़ अच्छी लय में हैं और आगे खेलने में मज़ा आने वाला है।
अभिषेक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 102 रन की साझेदारी कर भारत को जीत तक पहुंचाया। इसके साथ ही भारत ने घर पर अपनी 11वीं लगातार टी20 सीरीज़ जीत भी दर्ज की।


